नालंदा के नूरसराय में महिला के साथ सारे राह यौन उत्पीड़न, हिंसा और बलात्कार की कोशिश के खिलाफ कांग्रेस अत्यंत पिछड़ा वर्ग की राज्य इकाई ने नालंदा के डीएम और एसपी को बर्खास्त करने और गृह विभाग के मंत्री से इस्तीफा की मांग की।

EBC कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शशिभूषण पंडित और मीडिया प्रभारी मेनका कुमारी ने बताया कि राज्य में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा, दरिंदगी, सामूहिक बलात्कार की घटना, बिहार की नीतीश सरकार के लिए शर्मनाक है। जब मुख्यमंत्री का गृह जिला ही सुरक्षित नहीं है तो बिहार के अन्य जिले का हाल क्या होगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह की कई घटनाओं में राज्य की कई महिलाओं की आवाज दब ही रह जाती है। उनकी आवाज थाना तक भी नहीं पहुंच पाती है। अभी हाल में ही नालंदा के नूरसराय प्रखंड में अति पिछड़ा समाज की महिला के साथ जो सरेआम घिनौना हरकत किया गया वह शर्मनाक ही नहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा करती है।

मेनका कुमारी ने आरोप लगाया कि आज बिहार में सरकार ने पुलिस भर्ती में महिला कर्मियों की व्यापक भर्ती की परन्तु महिलाएं ही सुरक्षित नहीं है। बिहार के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2023 में 22952 महिलाओं के खिलाफ अपराध की संख्या थी। वही 2024 जनवरी से दिसंबर 2025 तक महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार के 2025 मामले दर्ज हुए। ये आंकड़े नहीं, यह बिहार के NDA सरकार पर धब्बा है।

नीतू सिंह निषाद, प्रदेश महिला EBC अध्यक्ष ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नूरसराय में हुई घटना को लेकर बिहार के गृह मंत्री का बयान भी नहीं आया। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल कर सजा दिलाने का काम करें। यहां जांच प्रक्रिया धीमी है। शुक्र है कि यह मामला मीडिया में आ गई नहीं तो ऐसे कितने मामलों की आवाज दब ही दिया जाता है।

प्रदेश कांग्रेस की अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ सरकार से मांग करती है कि प्रत्येक थाना में महिलाओं से जुड़े मामलों के लिए एक अलग महिला न्याय सेल बनाया जाए वह केवल पीड़ित महिलाओं पर ही ध्यान दें। बिहार में कुल थाना का मात्र 3% ही महिला थाना है ऐसे में न्याय की आस जल्द संभव नहीं है। इसके अलावा हर जिले में महिला थाना की तर्ज पर प्रत्येक जिला में महिला कोर्ट हो, जो पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करें जहां न्याय की प्रक्रिया तेज हो। तब जाकर ही महिलाओं को सही न्याय मिल पाएगा।

नीतू सिंह निषाद, प्रदेश महिला EBC अध्यक्ष ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले वर्ष से ही नीतीश कुमार की नई सरकार बनी है तब से महिलाओं के साथ हर दिन दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। पटना का नीट छात्र कांड, छपरा के हॉस्पिटल में नाबालिग के साथ बलात्कार जैसी घटना सिहरन पैदा करती है।

प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रशी भूषण पंडित ने महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस राज्य में नारी का सम्मान नहीं वहां विकास की कल्पना क्या कर सकते हैं? ऐसी निकम्मी सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए।

By Editor